राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव शहर की बेटी महक नरवासे ने भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान बनकर प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया है। महक का चयन श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली टी-20 श्रृंखला के लिए भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में उपकप्तान के रूप में किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से जिले सहित पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। महक नरवासे छत्तीसगढ़ की पहली महिला क्रिकेटर हैं, जिन्हें भारतीय महिला क्रिकेट टीम के किसी आयु वर्ग में उपकप्तान जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। वह छत्तीसगढ़ की अंडर-15, अंडर-19 और सीनियर महिला क्रिकेट टीम का भी प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। महक ने बताया कि बेंगलुरु में आयोजित चयन शिविर के दौरान उनके प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम में चयन किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम की जर्सी पहनना उनके लिए गर्व की बात है और भविष्य में सीनियर भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा बनकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना उनका सपना है।
महक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, कोच और सहयोगियों को देते हुए कहा कि उन्हें हर कदम पर परिवार का भरपूर समर्थन मिला, जिसने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। महक के माता-पिता ने बेटी की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उसकी वर्षों की मेहनत, लगन और संघर्ष का परिणाम आज पूरे देश के सामने है। उन्होंने इसे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया। महक के कोच मनोज तिवारी ने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ने महक को इस मुकाम तक पहुंचाया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि महक आने वाले समय में भारतीय महिला क्रिकेट की बड़ी खिलाड़ी बनेंगी। महक नरवासे बचपन से ही क्रिकेट के प्रति जुनूनी रही हैं। स्कूल स्तर से विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाली महक ने सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद लगातार मेहनत की। शुरुआती दौर में महिला खिलाड़ियों की संख्या कम होने के कारण उन्हें लड़कों के साथ अभ्यास करना पड़ा। स्पिन गेंदबाज के रूप में पहचान बना चुकी महक अपनी शानदार गेंदबाजी से कई प्रतियोगिताओं में प्रभाव छोड़ चुकी हैं। महक की इस उपलब्धि से राजनांदगांव का खेल जगत गौरवान्वित है और युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिली है। बाइट्स: महक के माता-पिता मनोज तिवारी, कोच महक नरवासे, महिला क्रिकेटर