रोहतास जिले में भोजपुरी सिनेमा के ‘पावर स्टार’ के नाम से चर्चित गायक व अभिनेता पवन सिंह मंगलवार को आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले में डेहरी स्थित अनुमंडलीय न्यायालय में पेश हुए।
10 फरवरी, रोहतास (रोहतास, बिहार) :
रोहतास जिले में भोजपुरी सिनेमा के ‘पावर स्टार’ के नाम से चर्चित गायक व अभिनेता पवन सिंह मंगलवार को आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले में डेहरी स्थित अनुमंडलीय न्यायालय में पेश हुए। जहां उन्होंने अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कोर्ट ने सुनवाई के बाद उन्हें जमानत प्रदान कर दी, जिसके बाद उन्हें जेल नहीं जाना पड़ा।
बताया जाता है कि पवन सिंह वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन के एक मामले में आरोपी बनाए गए थे। इसी मामले में आज उनकी पेशी डेहरी के अनुमंडलीय कोर्ट में हुई।
कोर्ट पहुंचने के दौरान पवन सिंह उजले रंग की शर्ट और नीली जींस पहने हुए थे तथा उन्हें वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई थी। जैसे ही वह कोर्ट परिसर में प्रवेश करने वाले थे, मीडियाकर्मियों ने उनका फोटो और वीडियो लेना शुरू कर दिया। इसी दौरान उनके बाउंसरों द्वारा मीडियाकर्मियों को रोकने की कोशिश की गई, जिससे कुछ देर के लिए सुरक्षाकर्मियों और मीडिया के बीच तीखी नोंक-झोंक देखने को मिली। एक मीडियाकर्मी को कैमरा छीनने की धमकी दिए जाने की भी चर्चा है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के दौरान पवन सिंह काराकाट लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे थे, हालांकि उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव प्रचार के दौरान दर्जनों लग्जरी वाहनों के लंबे काफिले के साथ निकलने के आरोप में अकोढ़ीगोला थाना में उनके खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया था।
इसी मामले में आज पवन सिंह कोर्ट के समक्ष उपस्थित हुए, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।