मार्च 31, नई दिल्ली:
अमेरिका-ईरान के बीच चल रहा युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। अमेरिका ने अपनी कार्रवाई तेज करते हुए पश्चिमी एशिया में हजारों सैनिकों को तैनात करना भी शुरू कर दिया है। इस कड़ी में यूएस आर्मी की एलीट 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के हजारों सैनिक वहां पहुंचने शुरू हो गए हैं। दो अमेरिकी अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी और बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ युद्ध में अपने अगले ठोस कदम पर विचार कर रहे हैं। अमेरिका ने पैराट्रूपर्स के साथ-साथ अतिरिक्त सैनिक, नाविकों, मरीन और विशेष संचालन बलों की संख्या में इजाफा किया है। इससे पहले भी बीते सप्ताह लगभग 2,500 मरीन मध्य पूर्व पहुंचे थे। ट्रंप के इस कदम को खार्ग द्वीप पर कब्ज़ा करने या नियंत्रण में लेने से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक निर्णय इसको लेकर नहीं लिया गया है। इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी थी कि यदि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोला तो अमेरिका ईरान के ऊर्जा संयंत्रों और तेल कुओं को नष्ट कर देगा। यह चेतावनी उस समय दी गई जब ईरान ने अमेरिकी शांति प्रस्तावों को अवास्तविक करार दिया और इज़राइल पर मिसाइलों की बौछार कर दी।